जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। जगह-जगह भूस्खलन और सड़कों के बंद होने से जहां आम लोगों की आवाजाही बाधित है, वहीं अब इसका असर रेल सेवाओं पर भी गहराई से दिखने लगा है।
उत्तर रेलवे ने सुरक्षा कारणों से जम्मू डिविजन में बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू और कटरा रेलवे स्टेशनों के बीच चलने वाली 22 ट्रेनों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। इनमें 9 ट्रेनें माता वैष्णो देवी धाम, कटरा से शुरू होने वाली थीं, जबकि बाकी ट्रेनें कटरा, जम्मू और उधमपुर स्टेशनों पर पहुंचने वाली थीं। इससे हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो गई हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार लगातार बारिश और बाढ़ के चलते ट्रैक की स्थिति बेहद खतरनाक हो गई है। चक्की नदी में अचानक बाढ़ और मिट्टी के कटाव से पठानकोट से हिमाचल प्रदेश के कंदरोरी तक की ट्रेन सेवाओं को भी रोकना पड़ा है। इससे पहले मंगलवार को भी खराब मौसम के कारण 27 ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा था, जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
हालांकि राहत की बात यह है कि कटरा से श्रीनगर डिविजन पर रेल संचालन फिलहाल सामान्य रूप से जारी है। उत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और हालात सुधरते ही रद्द की गई ट्रेनों को फिर से शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें और बिना जानकारी लिए स्टेशन न पहुंचें।