आज 21 नवंबर को विश्व टेलीविज़न दिवस दुनिया भर में मनाया जा रहा है। कंप्यूटर और मोबाइल फ़ोन के इस तेज़ी से बढ़ते दौर में भी टेलीविजन हमारी ज़िंदगी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है। भले ही इसके स्वरूप और स्क्रीन साइज़ समय के साथ बदल गए हों, लेकिन वैश्विक स्तर पर टीवी सेट के उपयोगकर्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
एकतरफा संचार के शुरुआती दौर से आगे बढ़ते हुए आज का टेलीविजन पूरी तरह इंटरेक्टिव रूप ले चुका है। साधारण टीवी से विकसित होकर स्मार्ट टीवी ने इंटरनेट की मदद से वीडियो इंटरेक्शन और बहुआयामी संवाद को नई दिशा दी है। आधुनिक टीवी प्लेटफ़ॉर्म अब स्ट्रीमिंग वीडियो, संगीत, इंटरनेट ब्राउज़िंग और इंटरैक्टिव मल्टीमीडिया कंटेंट जैसी विविध सेवाएँ प्रदान करते हैं।
विश्व टेलीविज़न दिवस की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 17 दिसंबर 1996 को पारित प्रस्ताव के बाद हुई। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र ने 21 और 22 नवंबर 1996 को ‘वर्ल्ड टेलीविज़न फोरम’ का आयोजन किया था। इसी के आधार पर महासभा ने हर वर्ष 21 नवंबर को विश्व टेलीविज़न दिवस मनाने का निर्णय लिया।

