झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन में भारी हंगामे के बीच भी महत्वपूर्ण वित्तीय कार्यवाही पूरी की गई। विपक्ष के विरोध, वेल में उतरकर नारेबाजी और मेज थपथपाने के बावजूद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 7,72,125 लाख रुपये यानी 7,721 करोड़ रुपये का द्वितीय अनुपूरक बजट सदन में पेश किया।
बजट में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग को सर्वाधिक 20,82,025.66 लाख रुपये का आवंटन प्रस्तावित किया गया है, जिससे मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना सहित कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित होंगी। मंईयां सम्मान योजना को इस बार विशेष प्राथमिकता दी गई है। वहीं ग्रामीण कार्य विभाग के लिए 1,32,482.85 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
सुबह स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायक हंगामा करने लगे। शोरगुल के बीच शून्यकाल और ध्यानाकर्षण सूचनाओं पर चर्चा हुई। अंततः 12:45 बजे बजट प्रस्तुत कर सदन की कार्यवाही 9 दिसंबर तक स्थगित कर दी गई। कल बजट पर तीन घंटे की चर्चा होगी।

