झारखंड एवं बिहार की अग्रणी कंस्ट्रक्शन कंपनी रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन के चेयरमैन रामकृपाल सिंह का आज 28 दिसंबर की सुबह निधन हो गया। वे पिछले 15 दिनों से अस्वस्थ थे और पटना स्थित पारस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। 87 वर्षीय रामकृपाल सिंह मूल रूप से बेगूसराय जिले के रामदिरी गांव के निवासी थे। राँची के चेशायर होम रोड स्थित उनके आवास पर भी उनका नियमित आना-जाना रहता था।
अपने पीछे वे दो पुत्र, सुधीर कुमार और रंजन कुमार, एक पुत्री, दो पोते और दो पोतियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार आज अपराह्न 4 बजे बेगूसराय स्थित उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।
रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन द्वारा राँची में झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, समाहरणालय भवन, हाई कोर्ट, विधानसभा सहित कई प्रमुख सड़कों का निर्माण किया गया है। हाल ही में एसबीआई द्वारा देश की शीर्ष 10 कंस्ट्रक्शन कंपनियों की सूची जारी की गई थी, जिसमें झारखंड बिल्डर्स एसोसिएशन की ओर से ‘कॉन्ट्रैक्टर ऑफ द ईयर’ का सम्मान रामकृपाल कंस्ट्रक्शन को प्रदान किया गया था।

