राँची–लोहरदगा–टोरी रेलखंड पर ट्रेन परिचालन अचानक ठप होने से लोहरदगा और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। यह रूट क्षेत्र की लाइफलाइन माना जाता है, जहां लोहरदगा–राँची और राँची–लोहरदगा मेमू पैसेंजर ट्रेनों से रोज़ करीब 8,000 यात्री सफर करते हैं। इसके अलावा सासाराम एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस भी इसी मार्ग से गुजरती हैं।
अचानक ट्रेन सेवाएं रुकने की सूचना मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। मजबूरी में लोग बसों और निजी वाहनों की ओर दौड़ पड़े, जिससे बस स्टैंड और सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जबकि लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसर गया।
सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और कोयल नदी पुल की स्थिति का निरीक्षण किया। तकनीकी टीम के प्रारंभिक आकलन के बाद एहतियातन पुल पर सभी रेल परिचालन तत्काल प्रभाव से रोक दिए गए हैं। मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने तक इस रूट से किसी भी ट्रेन को गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

