विश्व आर्थिक मंच की दावोस में आयोजित वार्षिक बैठक में झारखंड की सहभागिता के बाद झारखंड सरकार का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इस माह यूनाइटेड किंगडम की आधिकारिक यात्रा पर जाएगा। इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम माना जा रहा है, जो झारखंड के ऐतिहासिक और वैचारिक संदर्भों से गहराई से जुड़ा है।
ऑक्सफोर्ड का झारखंड से संबंध वर्ष 1922 से जुड़ता है, जब छोटानागपुर क्षेत्र में जन्मे मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा ने सेंट जॉन्स कॉलेज, ऑक्सफोर्ड में उच्च शिक्षा प्राप्त की थी। उन्होंने वहीं से आगे चलकर आदिवासी अधिकारों की सशक्त आवाज बनकर संविधान सभा और झारखंड आंदोलन में निर्णायक भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑक्सफोर्ड में शैक्षणिक संस्थानों के साथ संवाद करेंगे और सार्वजनिक नीति व शासन से जुड़े विमर्श में भाग लेंगे। यह यात्रा झारखंड की समावेशी विकास नीति को वैश्विक मंच से जोड़ने का प्रतीक मानी जा रही है।

