सरस्वती पूजा के शुभ अवसर पर भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश नेतृत्व मिल गया। नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पूजा-हवन के बाद उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।
पदभार ग्रहण से पूर्व प्रदेश कार्यालय परिसर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया, जिसमें संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। पूरे वातावरण में गणेश वंदना और मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई दी।
अपने संबोधन में आदित्य साहू ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना गर्व की बात है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से संगठन को मजबूत करने का कार्य करेंगे और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे।

