नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर बरियातु स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय में श्रद्धा और प्रेरणा से भरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विद्यालय परिसर में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के बाद अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने नेताजी के दृढ़ व्यक्तित्व और देशभक्ति को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने छात्रावास का निरीक्षण कर सुविधाओं के समग्र उन्नयन के निर्देश भी दिए और शिक्षकों से बच्चों की संवेदनशील देखभाल करने को कहा।
कार्यक्रम में छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं एसएसपी श्री राकेश रंजन ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

