बुंडू सूर्य मंदिर परिसर में टुसू मेले के अंतिम दिन उमड़ी हजारों की भीड़!!
बुंडू स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय टुसू मेले के अंतिम दिन रविवार को भारी भीड़ देखने को मिली। संस्कृति विहार के तत्वावधान में लगे इस पारंपरिक मेले में स्थानीय लोगों के साथ-साथ सोनाहातू, सिल्ली, तमाड़, चौका, चांडिल, अनगड़ा, नामकोम और खूंटी सहित आसपास के कई इलाकों से हजारों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे।
मेले में रोजमर्रा की जरूरत की सामग्रियों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। यहां परंपरागत तीर-धनुष से लेकर हस्तनिर्मित शीतल पाटी तक की खरीदारी करते लोग नजर आए। सुबह से ही मेले में आने-जाने वालों का सिलसिला जारी रहा और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस प्रशासन की भी तैनाती की गई थी। आयोजन शांतिपूर्ण और सफल रहा।

