शहर में ऑटो चालकों से अवैध वसूली की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। शिकायत प्राप्त होते ही नगर निगम की जांच टीम और संबंधित ट्रैफिक थाना की टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान ऑटो चालकों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली गई। ऑटो चालकों ने बताया कि संबंधित मार्ग पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से धन की मांग की जा रही थी। प्रशासन ने इसे पूरी तरह गैरकानूनी और दंडनीय अपराध बताया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑटो चालकों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन और जिला पुलिस द्वारा ऐसे स्थानों पर संयुक्त रूप से लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही प्रशासन ने ऑटो चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध वसूली की शिकायत सामने आए, तो तत्काल नगर निगम या पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दें।

