राँची के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोअर वर्धमान कंपाउंड स्थित गुलमोहर पार्क में शनिवार देर रात एक व्यक्ति की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मधेश्वर सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद रविवार सुबह आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने लालपुर चौक को घंटों जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात मधेश्वर सिंह गुलमोहर पार्क के समीप मौजूद थे, तभी अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
रविवार सुबह हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और लालपुर चौक को चारों ओर से घेरकर यातायात ठप कर दिया। जाम की सूचना पर प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुआर, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार और सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। पुलिस ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

