अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू स्थित न्यू एजी कॉलोनी (मंदिर मार्ग) में आज एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या का प्रयास किया। इस दर्दनाक घटना में परिवार के इकलौते बेटे मिहिर की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और 14 वर्षीय नाबालिग बहन की हालत अब स्थिर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिहिर ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। वहीं उसकी मां स्नेहा अखौरी और नाबालिग बहन ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और पारिवारिक दबाव से गुजर रहा था, हालांकि आत्महत्या के प्रयास के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि मिहिर हाल ही में कोलकाता से सीए की पढ़ाई पूरी कर राँची लौटा था और उसका चयन एक निजी कंपनी में हुआ था। जहर सेवन करने के बाद मां-बेटी को सैमफोर्ड अस्पताल, राँची में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

