राँची के मिशन चौक के पास आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक चलती कार में लगी आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। जानकारी के अनुसार, अचानक कार के इंजन हिस्से से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग लग गई। उसी दौरान सामने से स्कूटी पर गुजर रहे संतोष और रोहित ने स्थिति भांपते हुए चालक को तुरंत वाहन साइड में रोकने का इशारा किया और आसपास के लोगों को अलर्ट किया।
समय रहते कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पानी लाकर आग बुझाने में मदद की, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। घटना के वक्त मिशन चौक पर भारी ट्रैफिक रहता है और आसपास कई स्कूल भी स्थित हैं, ऐसे में आग फैलने की आशंका काफी अधिक थी।
स्थानीय नागरिकों की त्वरित कार्रवाई से न केवल जान-माल की रक्षा हुई, बल्कि संभावित बड़े हादसे को भी रोका जा सका।

