झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के अंतर्गत मतगणना की प्रक्रिया 27 फरवरी 2026 को सुबह 8:00 बजे से शुरू होगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त राँची, मंजुनाथ भजंत्री ने देर रात मतगणना स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को पारदर्शिता व समयबद्धता के साथ प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने मतगणना के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, मीडिया कक्ष, कंट्रोल रूम सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। मतगणना हॉल की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
एजेंटों के लिए जरूरी निर्देश
• मतगणना स्थल पर प्रवेश हेतु रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी पहचान पत्र अनिवार्य होगा।
• एजेंटों को फोटोयुक्त अलग पहचान पत्र साथ रखना होगा।
• मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
उपायुक्त ने बताया कि मतगणना से लेकर परिणाम घोषित होने तक पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाएगी। मतगणना स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है तथा प्रशासन 24×7 निगरानी रखे हुए है। नागरिकों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की गई है।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, PDITDA संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू किस्टो बेसरा, पंचायत राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

