राँची के हरमू स्थित भगत सिंह पार्क में शहीद भगत सिंह के शहादत दिवस पर शहीद भगत सिंह फाउंडेशन द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शहीद-ए-आज़म को श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य मंचन के माध्यम से भगत सिंह के विचारों और उनके संघर्ष को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। वक्ताओं ने उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्रहित में कार्य करने और उनके पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहीद भगत सिंह के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरित करना रहा।
आपको बता दें कि शहीद दिवस (23 मार्च) भारत में भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। 23 मार्च 1931 को लाहौर जेल में इन तीनों क्रांतिकारियों को फांसी दी गई थी, जो भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अमर बलिदान का प्रतीक है।

