चैती छठ महापर्व को लेकर राँची नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हो गया है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सोमवार को शहर के विभिन्न तालाबों का स्थल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा उपायों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। इस क्रम में बड़ा तालाब (विवेकानंद सरोवर), तेतरटोली तालाब और दिव्यायन तालाब का निरीक्षण किया गया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण में पूजा-अर्चना करने का बेहतर अनुभव मिल सके।
बड़ा तालाब में जहां साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, वहीं गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आसपास अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करने की बात भी कही गई।
तेतरटोली तालाब में विशेष सफाई अभियान जारी रखने और सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए। वहीं दिव्यायन तालाब के आसपास सौंदर्यीकरण और पौधारोपण कर क्षेत्र को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
नगर निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चैती छठ के दौरान कुल 26 तालाबों में 98 चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा करीब 1200 सफाई कर्मियों को विशेष सफाई अभियान में लगाया गया है, ताकि घाटों और संपर्क मार्गों को स्वच्छ रखा जा सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी घाटों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है, वहीं मूर्ति विसर्जन को ध्यान में रखते हुए अलग से विसर्जन कुंड का निर्माण भी कराया जा रहा है।
नगर आयुक्त ने कहा कि राँची नगर निगम का लक्ष्य चैती छठ के अवसर पर सभी घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा कर सकें।

