राँची जिले के पिठौरिया थाना क्षेत्र स्थित कोल्हया कनाद में 132/33 पावर ग्रिड सब-स्टेशन में हुई डकैती मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 23/24 मार्च 2026 की रात अज्ञात अपराधियों ने सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों को बंधक बनाकर करीब 4 लाख रुपये मूल्य के कॉपर सामग्री, NVR सिस्टम, अर्थ स्विच ब्लेड, टॉर्च और नकदी लूट ली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राँची के निर्देश पर SIT का गठन किया गया। तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुल 12–15 अपराधियों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया और पहले से रेकी की थी।
पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर लगभग 100 किलो तांबा तार, नकदी, टॉर्च समेत अन्य सामान बरामद किया है। साथ ही दो ऑटो, दो मोटरसाइकिल, 7 मोबाइल फोन और तार काटने के औजार भी जब्त किए गए हैं। मामले में अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

