राजधानी राँची के पंडरा इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। देवी मंडप रोड स्थित सुजीत कुमार गुप्ता के घर का ताला तोड़कर चोर करीब 16 लाख रुपये के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घर के सभी सदस्य शुक्रवार दोपहर गुमला गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने रात के दौरान घटना को अंजाम दिया। चोरी की जानकारी सबसे पहले पड़ोसियों को हुई, जिन्होंने सुजीत कुमार गुप्ता को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही जब सुजीत घर पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अलमारी में रखे सभी जेवरात व नगदी गायब हैं।
इधर, पंडरा ओपी प्रभारी फैज रवानी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में जेवरात और नगदी की चोरी की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

