झारखंड की महिला पुलिस जवानों और उनके परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य व खुशहाली की दिशा में ‘इंडियन पुलिस सर्विस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन’ (IPSOWA) ने सराहनीय पहल करते हुए 8 अप्रैल 2026 को जैप-1 परिसर में वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया।
यह शिविर केवल इलाज तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिला कर्मियों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनकी शंकाओं के समाधान का एक सशक्त मंच बना।
IPSOWA के सदस्यों ने पुलिस विभाग में महिला कर्मियों की बढ़ती भूमिका और चुनौतीपूर्ण कार्य परिस्थितियों को देखते हुए उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। इस पहल की शुरुआत जैप-1 और जैप-2 से की जा रही है।
शिविर में स्त्री रोग एवं कैंसर स्क्रीनिंग के तहत सर्वाइकल और स्तन कैंसर की जांच के साथ पीएपी स्मियर टेस्ट की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई। वहीं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में ऑटिज्म, मिर्गी, डाउन सिंड्रोम और स्पीच डिले जैसी समस्याओं पर विशेषज्ञ परामर्श दिया गया। इसके साथ ही स्वच्छता, हाइजीन और स्वस्थ जीवनशैली पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘डॉक्टर्स टॉक’ रहा, जिसमें विशेषज्ञों ने बीमारियों के शुरुआती लक्षण और उनके बचाव को लेकर व्यावहारिक जानकारी साझा की।
शिविर में डॉ. अपेक्षा पाठक (न्यूरोडेवलपमेंटल पीडियाट्रिशियन), डॉ. नम्रता माहनसरिया (ब्रेस्ट ऑन्कोलॉजिस्ट), और डॉ. निशा झा (गायनेकोलॉजिस्ट एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन) समेत कई विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा जे शरण और सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शिविर का शुभारंभ डीजीपी तदाशा मिश्रा और एडीजी प्रिया दुबे द्वारा किया गया। इस मौके पर IPSOWA सेक्रेटरी नेहा सागर, मेबल राज, चीनू कुमार, विधि पटेल, दिव्या भास्कर सहित अन्य सदस्य और चिकित्सक उपस्थित रहे।
IPSOWA द्वारा इस तरह के स्वास्थ्य शिविर पहले भी आयोजित किए जाते रहे हैं और यह उनके सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का अहम हिस्सा है। यह पहल महिला पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

