जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनता दरबार आम लोगों के लिए राहत का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। सोमवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जनता दरबार लगाया गया, जहां विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की गई।
दरबार में इटकी निवासी दिव्यांग रामेश्वर महतो ने इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन दिया। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें तुरंत ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कुछ ही देर में उन्हें ई-ट्राईसाइकिल मिल गई। उन्होंने प्रशासन का आभार जताया और बैसाखी के बजाय वाहन से खुशी-खुशी अपने घर लौटे।
वहीं, अनगड़ा अंचल के सुदेश कुमार ने फर्जी दस्तावेज के जरिए जमीन हड़पने की शिकायत दर्ज कराई। उपायुक्त ने मौके पर ही अंचल अधिकारी से ऑनलाइन बातचीत कर जानकारी ली और संबंधित अधिकारी को शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी से मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
जनता दरबार में पंजी-2 सुधार, भूमि सीमांकन, दाखिल-खारिज में विलंब, अतिक्रमण और रसीद निर्गत नहीं होने से जुड़े कई मामले भी सामने आए। उपायुक्त ने सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि राजस्व मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी शिकायतों पर भी अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान उपायुक्त ने घोषणा की कि मंगलवार के अवकाश के कारण अब सभी अंचलों में जनता दरबार का आयोजन बुधवार को किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मामलों का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।