राँची में शुक्रवार को होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित कुलपति सम्मेलन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव राहुल पुरवार से मुलाकात कर विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में प्रस्तावित क्लस्टर व्यवस्था को तत्काल वापस लेने की मांग की। एबीवीपी का कहना है कि यह व्यवस्था छात्रों के हितों के विपरीत है और इससे पढ़ाई, परीक्षा तथा नामांकन प्रक्रिया प्रभावित होगी।
प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि क्लस्टर सिस्टम लागू होने पर विद्यार्थियों को दूरस्थ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी होगी, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की अतिरिक्त खपत होगी। परिषद ने सुझाव दिया कि शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए फैकल्टी रोटेशन और डिजिटल वर्चुअल क्लासरूम जैसे विकल्प अपनाए जाएं।
सचिव राहुल पुरवार ने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

