NEET समेत देशभर में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र की NDA सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेता अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है।
अंबा प्रसाद ने कहा कि देशभर में करीब 23 लाख परीक्षार्थी कड़ी मेहनत और उम्मीद के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि NEET सहित कई परीक्षाओं की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और निष्पक्ष बनाए रखने में NDA सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उनके अनुसार, पेपर लीक केवल एक परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि देश के युवाओं के सपनों और भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है।
अंबा प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस लगातार निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करती रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बार-बार पेपर लीक की घटनाएं क्यों हो रही हैं और अब तक जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और अब प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता भी खतरे में पड़ गई है।

