राँची में सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी, अनावश्यक जमावड़ा और नशापान जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में सोमवार रात अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कुमार रजत के नेतृत्व में राँची के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जाँच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान कचहरी चौक से बड़ा तालाब, हरमू चौक से गाड़ीखाना चौक तथा आसपास के इलाकों में सघन जाँच की गई। प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से जुटे लोगों से पूछताछ की और उनकी गतिविधियों की जाँच की।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर युवकों का अनावश्यक जमावड़ा पाया गया। टीम ने उन्हें सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी नहीं करने, नशे से दूर रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक भीड़, नशापान और असामाजिक गतिविधियाँ कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती पैदा करती हैं तथा आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को भी प्रभावित करती हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राँची में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण बनाए रखने के लिए अड्डाबाजी, नशापान और अन्य अवांछित गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में लगाएँ तथा राँची को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

