केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने गुरुवार को झिरी डंपिंग यार्ड का दौरा कर निर्माणाधीन गेल इंडिया लिमिटेड के बायो गैस प्लांट एवं लेगेसी वेस्ट बायोरेमेडिएशन परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बायो गैस प्लांट की कार्यप्रणाली और जैविक कचरे से गैस उत्पादन की प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही वर्षों से जमा लेगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक तरीके से किए जा रहे बायोरेमेडिएशन कार्य का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों और परियोजना से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ तकनीकी एवं संचालन संबंधी पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के साथ पर्यावरण संरक्षण और शहरी विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता एवं नवीनतम तकनीकों के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके और राँची में वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था और अधिक मजबूत हो।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त, पीएमसी टीम, गेल इंडिया लिमिटेड के अधिकारी तथा मेसर्स गुरु रामदास कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

