राँची के मोरहाबादी वेंडिंग जोन में नगर निगम की जाँच के दौरान कई अनियमितताएँ सामने आई हैं। प्रारंभिक जाँच में पता चला कि 212 आवंटित दुकानों में से 33 दुकानदारों ने अपनी दुकान किराये पर दे रखी है, जबकि वे स्वयं सड़क किनारे फुटपाथ पर दुकान लगाकर कारोबार कर रहे हैं।
सोमवार को नगर निगम की टीम ने वेंडिंग जोन में रैंडम जाँच अभियान चलाया। इस दौरान 10 दुकानदारों द्वारा बिना अनुमति शटर, शेड और अन्य स्थायी निर्माण कराए जाने का मामला भी सामने आया। इसके अलावा दो ऐसे परिवार भी मिले, जिनमें पति-पत्नी दोनों के नाम अलग-अलग दुकानें आवंटित हैं। इस मामले की भी जाँच की जा रही है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह केवल प्रारंभिक जाँच है। यदि सभी 212 दुकानों का विस्तृत सत्यापन कराया गया तो नियमों का उल्लंघन करने वाले आवंटियों की संख्या और बढ़ सकती है। निगम ने अनियमितता पाए जाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

