सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और जलाशयों की जमीन पर कब्जे के खिलाफ राँची नगर निगम ने कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। शनिवार, 5 सितंबर को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ नामकुम और हटिया क्षेत्र में सरकारी भूमि व तालाब का निरीक्षण किया।
वार्ड संख्या-47 में नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप स्थित केशरी हिंद भूमि का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने भूमि के उपयोग को लेकर भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि क्षेत्र की जरूरत के अनुसार यहाँ जनहित से जुड़ी योजनाएँ और नागरिक सुविधाएँ विकसित की जा सकें।

इस भूमि पर वर्तमान में रह रहे परिवारों को नियमानुसार आवास योजना से जोड़ने की दिशा में भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। निगम का उद्देश्य सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ प्रभावित परिवारों के लिए आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
इसके बाद नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या-51, हटिया स्थित कल्याणपुर तालाब का निरीक्षण किया। तालाब के संरक्षण और जीर्णोद्धार के साथ इसके सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। तालाब के आसपास मिले अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार हटाने तथा तालाब की जमीन की सुरक्षा के लिए बाउंड्री निर्माण की योजना तैयार करने को भी कहा गया।
नगर निगम के अनुसार, सरकारी भूमि और जलाशयों को अतिक्रमण से मुक्त कर उनका उपयोग जनहित में सुनिश्चित करने की दिशा में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। दोनों स्थलों पर समयबद्ध कार्रवाई और कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, नगर प्रबंधक एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

