राँची में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ता दिख रहा है। पिछले 24 घंटे में शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई, कुछ इलाकों में 60 एमएम तक बारिश दर्ज की गई।
अब मौसम विभाग ने 10 सितंबर को राँची में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही 9 से 12 सितंबर तक तेज हवा और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है।
लगातार बादल, बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट आएगी। राँची के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान है। यानी आने वाले कुछ दिन मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहाना रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, मानसून ट्रफ सक्रिय है और मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब साइक्लोनिक सर्कुलेशन में बदल गया है। इन मौसमी परिस्थितियों का असर झारखंड पर भी पड़ रहा है।
उनका कहना है कि अगले 3 से 4 दिनों तक झारखंड में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

