राँची के मोरहाबादी स्थित एसएसपी आवास के बाहर रविवार को बजरा क्षेत्र की एक महिला अपने बच्चों के साथ आत्मदाह करने पहुंच गई। महिला का आरोप है कि करीब एक साल पहले सदर अस्पताल से उसका बच्चा चोरी हो गया था। तब से वह अपने बच्चे की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
महिला का कहना है कि उसने बच्चे को खोजने के लिए काफी प्रयास किए और प्रशासन से भी मदद मांगी, लेकिन उसे अब तक कोई राहत नहीं मिली। इससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए लालपुर थाना प्रभारी ने महिला को हिरासत में ले लिया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

