राजधानी राँची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर घर में घुसकर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 26 अक्टूबर की रात लगभग 12 बजे चौली उलातू गाँव में हुई थी। पाँच अपराधियों ने संजय केशरी के घर में घुसकर लोहे के डंडे जैसे घातक हथियार के बल पर आभूषण और नकदी लूट ली थी। इस संबंध में पिठौरिया थाना में कांड संख्या 111/26 दर्ज किया गया था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी सतीश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई। पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त बबन खान उर्फ दिलशाद खान को गिरफ्तार किया। उसके पास से लूटे गए सामान को बेचकर मिले 2,000 रुपये बरामद किए गए। वहीं, दूसरे आरोपी भोदु शेख के पास से लूट के दौरान ले जाया गया VIVO कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, भोदु शेख मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का रहने वाला है और फिलहाल राँची के विकास इलाके में रह रहा था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की गई है। मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

