Events Jharkhand Local Alerts Ranchi

राँची में अफीम की अवैध खेती के खिलाफ अभियान शुरू, 8 जागरूकता वाहन रवाना

राँची: जिले में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए राँची जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। बुधवार को मोरहाबादी मैदान से जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने 8 जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर लोगों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देंगे। इसके साथ ही लोगों को इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करते हुए अफीम की खेती और इसके अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की जाएगी।

अफीम की खेती करना और जमीन उपलब्ध कराना भी अपराध

जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की खेती करना या इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना NDPS एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। प्रशासन की ओर से दी जा रही जानकारी के अनुसार, इस अपराध में 20 वर्ष तक की सजा अथवा आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अधिक मुनाफा कमाने के लालच में अफीम की खेती न करें। साथ ही, अपनी जमीन किसी दूसरे व्यक्ति को अफीम की खेती के उद्देश्य से लीज या पट्टे पर भी न दें।

अवैध खेती की सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

जिला प्रशासन की ओर से लोगों को अफीम की अवैध खेती से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस प्रशासन तक पहुँचाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अभियान के दौरान यह भी बताया जाएगा कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

प्रशासन के अनुसार, अफीम की खेती और इसके अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस मामले में पुलिस द्वारा आरोप पत्रित किए गए लोगों पर भी नजर रखी जाएगी। अफीम की खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त करने के साथ इससे अर्जित धन और संपत्तियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा अफीम की खेती, परिवहन और इसके दुरुपयोग से जुड़ी गतिविधियों में शामिल क्रेता-विक्रेताओं के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जमीन की उर्वरता और जल स्रोतों पर भी पड़ता है असर

अफीम की अवैध खेती का प्रभाव केवल समाज और स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है। इससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुँचता है। जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की खेती से जमीन की उर्वरता और उसकी उपजाऊ क्षमता प्रभावित होती है। इसके अलावा तालाब, नदी और कुएँ जैसे जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा भी रहता है।

प्रशासन के अनुसार, अफीम और इससे बने उत्पादों का सेवन मानव जीवन और स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नशे की लत का सबसे अधिक असर युवा पीढ़ी पर पड़ता है, जिससे परिवार और समाज भी प्रभावित होते हैं।

जनभागीदारी से अवैध खेती पर रोक लगाने की पहल

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के साथ जनभागीदारी के माध्यम से अफीम की अवैध खेती पर अंकुश लगाना है। प्रशासन लोगों को इस अवैध कारोबार के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Ranchi Updates

Ranchi Updates

About Author

Ranchi Updates - A platform which keeps you updated about our city- Ranchi.

You may also read

Local Alerts

राँची के कई इलाकों में आज छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी

हटिया स्थित 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन में शनिवार, 13 सितंबर 2025 को मरम्मत कार्य किया जाएगा। ग्रिड अधिकारियों के मुताबिक
Ranchi

CISCE नेशनल हॉकी टूर्नामेंट 2025 का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने दिखाई उमंग और जुनून !!

CISCE नेशनल हॉकी टूर्नामेंट 2025 का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने दिखाई उमंग और जुनून !! रांची के मरांग गोमके जयपाल