इटकी स्थित नवनिर्मित सूर्य मंदिर में छह दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस कलश यात्रा में करीब 3100 महिलाओं ने भाग लिया और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कलश यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर कोइरी टोला, झखरा टोली, पोस्ट ऑफिस, देवी मंडप, बाजार टांड़, महावीर चौक और बनिया टोली होते हुए केशरी नया तलब पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा। इसके बाद सभी महिलाएं उसी मार्ग से वापस मंदिर परिसर पहुंचीं और विधि-विधान के साथ कलश की स्थापना की गई।
इस धार्मिक अनुष्ठान में आचार्य सूर्यकांत त्रिपाठी एवं उनके सहयोगियों के नेतृत्व में यजमान लाल आशीष नाथ शाहदेव–जया शाहदेव, कृष्णा राम तिवारी–सुषमा तिवारी, बिनोद महतो–शीला देवी, अमित महतो–निकिता देवी, जितेंद्र महतो–कविता देवी, मनीष सोनी–निक्की देवी और सुलेंदर महतो–रेखा देवी द्वारा पूजा-अर्चना की जा रही है। कार्यक्रम के अंतर्गत पंचांग पूजन और मंडप प्रवेश की विधि भी संपन्न कराई गई।
आयोजन समिति के अनुसार, 7 मार्च को देवताओं का आह्वान, 8 मार्च को नगर भ्रमण, 9 मार्च को प्राण प्रतिष्ठा, 10 मार्च को पूर्णाहुति, महाआरती और भंडारा का आयोजन किया जाएगा। वहीं छह दिवसीय समारोह का समापन 11 मार्च को भक्ति जागरण के साथ होगा।
इधर शाम में प्रवचनकर्ता शालिनी त्रिपाठी द्वारा कथा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लाल रामेश्वर नाथ शाहदेव और गांव के सम्मानित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इस आयोजन को सफल बनाने में सूर्य मंदिर निर्माण समिति के साथ-साथ पूरे ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।

