सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में शुक्रवार को नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने इसे कोल्हान क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि उच्च स्तरीय मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का सपना अब साकार हो गया है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान न केवल डॉक्टर तैयार करेगा, बल्कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी समाज की सेवा करेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड में फिलहाल 10 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और सरकार का लक्ष्य अगले चार वर्षों में इनकी संख्या 20 तक पहुंचाने का है। चाईबासा, कोडरमा और बोकारो में नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों का निर्माण तेजी से चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में अब थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया जैसे रोगों का बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मरीजों को बाहर न जाना पड़े। संस्थान के चेयरमैन एम.एन. सिंह ने बताया कि कॉलेज 100 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हुआ है।

