इटकी में शुक्रवार को रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे और साम्प्रदायिक सद्भाव के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। मुख्य शोभायात्रा में रामभक्तों के साथ-साथ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो आपसी एकता का सुंदर उदाहरण बना।
केंद्रीय महावीर मंडल, इटकी की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसकी शुरुआत मुख्य महावीर मंदिर से हुई, जो बाजार परिसर और गुलजार रोड होते हुए मौसीबाड़ी मैदान पहुंची। यहां अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
शोभायात्रा में थाना शांति समिति, इटकी बुद्धिजीवी मंच और सर्वधर्म सद्भावना समिति के दर्जनों सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुए। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ मो. अनीस के नेतृत्व में थाना प्रभारी मनीष कुमार पूरी मुस्तैदी के साथ पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
इस दौरान विशालकाय महावीरी झंडा और महिलाओं की आकर्षक शोभायात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसकी पूरे क्षेत्र में चर्चा होती रही।

