झारखंड के खूंटी जिले में आदिवासी नेता और पड़हा राजा सोम मुंडा की गोली मारकर हत्या के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। इस जघन्य हत्याकांड के विरोध में गुरुवार को आदिवासी संगठनों के आह्वान पर खूंटी जिला बंद रखा गया, जिसका व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही ग्रामीण और समर्थक सड़कों पर उतर आए और प्रमुख चौक-चौराहों को जाम कर दिया।
बंद के कारण बाजार, दुकानें और शैक्षणिक संस्थान पूरी तरह बंद रहे, वहीं सार्वजनिक परिवहन ठप होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर और धरना देकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
गौरतलब है कि बुधवार देर शाम खूंटी थाना क्षेत्र के जमुआदाग के पास अज्ञात अपराधियों ने सोम मुंडा को उस समय गोली मार दी, जब वे पत्नी के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

