हरियाणा के गुरुग्राम में हुए भीषण हादसे में झारखंड के ईचागढ़ और पोटका इलाके के छह मजदूरों की जान जाने के बाद सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से पीड़ित परिवारों को लगातार सहायता दी जा रही है। इसी कड़ी में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बुधवार को सरायकेला-खरसावां दौरे के दौरान सभी छह प्रभावित परिवारों को ₹15-15 लाख की आर्थिक मदद के रूप में चेक सौंपे।
मृतकों में मधुमति महतो, रोहित महतो, मोचीराम गोप, झरना गोप, सुक्कु सिंह मुंडा और तपन कुमार महतो शामिल हैं। मंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे ने परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन उनके भरण-पोषण में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है।
उन्होंने बताया कि उनकी पहल पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार पहले ही सभी प्रभावित परिवारों को ₹20-20 लाख का मुआवजा दे चुकी है। अब तक प्रत्येक परिवार को लगभग ₹35 लाख की कुल सहायता मिल चुकी है।
इसके अलावा दो परिवारों को रोजगार के लिए ऑफर लेटर भी प्रदान किए गए हैं। साथ ही डीबीटी के जरिए अगले 10 दिनों में प्रत्येक परिवार के खाते में ₹4 लाख की अतिरिक्त राशि भेजी जाएगी। इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान और आदित्यपुर के मेयर संजय सिंह सरदार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

