झारखंड में हाड़ कंपाने वाली ठंढ लगातार अपना असर दिखा रही है और धीरे-धीरे सभी जिलों को अपनी चपेट में ले रही है। शनिवार को मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, गुमला प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान मात्र 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर, डालटनगंज, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा और लातेहार में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जबकि गोड्डा में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी राँची में विशेष रूप से कांके सबसे प्रभावित रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 12 दिसंबर तक सुबह के समय कोहरा और धुंध छाई रहने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। विभाग ने अनुमान जताया है कि आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री और न्यूनतम 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

