उत्तर भारत से आ रही ठंडी पछुआ हवाओं का असर अब झारखंड में स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है। मंगलवार से राज्य के तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। राँची समेत पूरे झारखंड में ठंड और कनकनी तेज हो गई है। बीते 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 0.5 से 1 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है।
मौसम के ताजा आंकड़ों के अनुसार गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग, राँची केंद्र ने चेतावनी दी है कि पहाड़ों में हो रही मौसमी गतिविधियों के कारण अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। इससे राज्य के कई इलाकों में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ने की आशंका है।
विभाग ने राँची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और जमशेदपुर समेत 13 जिलों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।

