झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। उत्तर-पश्चिम बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल क्षेत्र में बने मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से राज्य में ठंडी हवाओं का असर तेज हो गया है। इसके कारण आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान में कमी आने से दिन के समय भी ठंड का एहसास होने लगा है। शनिवार से मौसम में आए बदलाव के बाद सुबह और शाम के साथ दोपहर में भी सर्दी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
मौसम केंद्र राँची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में पारा तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इसी को देखते हुए राँची समेत राज्य के 15 जिलों में 4 और 5 जनवरी को घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

