राँची के नामकुम स्थित हाईटेंशन कॉलोनी में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देने से भी नहीं डर रहे। ताजा मामले में एक चोर ने कृष्ण कांत चौधरी के घर को निशाना बनाते हुए पहले गैस से भरा सिलेंडर चुरा लिया और फरार हो गया।
हैरानी की बात तब सामने आई जब कुछ ही मिनटों बाद वही चोर दोबारा उसी घर में लौट आया। इस बार उसने मकान में रह रहे किराएदार का खाली सिलेंडर भी उठा लिया और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में रसोई गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के कारण अब गैस सिलेंडर भी चोरों के निशाने पर आ गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में डर और आक्रोश का माहौल है।

