नये श्रम कानून के विरोध में केंद्रीय मजदूर यूनियनों द्वारा आहूत देशव्यापी आम हड़ताल का असर झारखंड में भी व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है। राज्य के धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर की कोलियरियों व औद्योगिक इकाइयों में कामकाज प्रभावित है, वहीं कई बैंकों में भी सेवाएं आंशिक रूप से ठप रहीं।
हड़ताल के समर्थन में विभिन्न ट्रेड यूनियनों ने राँची के अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने श्रम कानूनों को श्रमिक विरोधी बताते हुए इन्हें वापस लेने की मांग की। मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।

