शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल पहाड़ी मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए राँची नगर निगम ने ठोस कदम उठाए हैं। नगर निगम के प्रशासक श्री सुशांत गौरव ने निगम अधिकारियों के साथ पहाड़ी मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंदिर के मुख्य द्वार के दोनों ओर फैले अतिक्रमण और अव्यवस्थित वाहनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए। पूरे क्षेत्र की मापी कराने, आवंटित व अस्थायी दुकानों की जांच करने तथा निर्धारित सीमा से बाहर सड़क तक पूजा सामग्री रखने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण में पाया गया कि ट्रक और मालवाहक वाहनों के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस पर जुर्माना लगाने और अवैध गोदामों व दुकानों की जांच के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो अलग-अलग पार्किंग स्थलों के निर्धारण का भी आदेश दिया गया।
प्रशासक ने कहा कि नगर निगम श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पहाड़ी मंदिर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए योजनाबद्ध कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर प्रशासक श्री संजय कुमार, उप प्रशासक श्री रविंद्र कुमार, नगर प्रबंधक सहित राँची नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

