कुमुद प्रीता ट्रस्ट द्वारा निर्मित मां काली मंदिर का 50वां स्थापना दिवस (स्वर्ण जयंती समारोह) भक्ति और श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया था और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
समारोह के दौरान सभी हवन कुंडों में विधिवत हवन का आयोजन किया गया तथा मां काली की संपूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। उल्लेखनीय है कि इस मंदिर परिसर का निर्माण स्वर्गीय बिपिन बिहारी शरण द्वारा कराया गया था। परिसर में दस महाविद्याओं के मंदिर स्थापित हैं, वहीं मां दुर्गा, भगवान शिव, हनुमान जी एवं भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप भी भक्तों के दर्शन के लिए विराजमान हैं।
इस शुभ अवसर पर भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। साथ ही भक्तजनों एवं रजरप्पा वासियों के लिए एक मेडिकल कैम्प का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों ने स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सीसीएल रजरप्पा के जीएम राजीव सिंह, झारखंड हाई कोर्ट के न्यायाधीश दीपक रोशन, कुमुद प्रीता ट्रस्ट के ट्रस्टी कुमुद शरण, शरद शरण, संजय शरण, शेखर शरण, साथ ही नेहा प्रसाद, रेणु शरण, सिंपल शरण, मीनाक्षी शरण, वेदांत शरण, नीलांजना शरण, हर्षिता शरण सहित परिवार के सभी सदस्य एवं कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई और पूरा परिसर भक्ति, सेवा और सामाजिक समर्पण के भाव से ओत-प्रोत रहा।

