शहर में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए राँची नगर निगम ने गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के लिए व्यापक राहत अभियान शुरू किया है। सोमवार को नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए। इस दौरान नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव स्वयं उपस्थित रहे और लोगों को कंबल प्रदान किए।
प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि ठंड के इस मौसम में कोई भी व्यक्ति ठिठुरने को मजबूर न हो, यही नगर निगम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि ठंड खत्म होने तक यह राहत अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर निगम की ओर से शहर में कुल 10 स्थानों पर आश्रय गृह संचालित किए जा रहे हैं, जहां जरूरतमंद लोग रात के समय सुरक्षित रह सकते हैं और ठंड से बचाव की पूरी व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा सड़क पर रहने वाले बेघर लोगों को चिन्हित कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू अभियान भी चलाया जा रहा है। आवश्यकता को देखते हुए दो अतिरिक्त अस्थायी आश्रय गृह भी तैयार किए गए हैं। इस अवसर पर अपर प्रशासक संजय कुमार ने भी जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। कंबल पाकर लोगों ने राहत महसूस की और नगर निगम व जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

