राँची में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हाराटांड़ निवासी गोविंद साहू की उनके बेटे कमल साहू ने कुदाल से वार कर हत्या कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय कमल साहू को जुआ खेलने की गंभीर लत थी और वह काफी पैसे हार चुका था। इसी सिलसिले में वह अपने पिता से बार-बार पैसों की मांग कर रहा था, लेकिन पिता ने साफ इनकार कर दिया। इसी बात से गुस्साए कमल ने पास रखे कुदाल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही गोविंद साहू की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

