यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों के संगठन यूनियन बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, झारखंड की 8वीं त्रैमासिक कार्यकारिणी समिति की बैठक सह अधिकारी मिलन समारोह रविवार को राँची के अरगोड़ा स्थित लेक गार्डन बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राँची नगर में पदस्थापित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के 150 से अधिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए संगठन के महासचिव ज्योत्स्नेश्वर पांडेय ने बैंकिंग क्षेत्र में हाल के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों, अधिकारियों से जुड़े समकालीन मुद्दों तथा संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं अध्यक्ष उज्ज्वल लकड़ा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिशिर ठाकुर ने संगठनात्मक एकता, संवाद और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
संवाद सत्र में अधिकारियों ने शाखा स्तर पर आने वाली समस्याओं को साझा किया, जिस पर महासचिव ने प्रबंधन के समक्ष मुद्दे उठाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। अंत में चेयरमैन देबोजीत दत्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

