राँची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सीताडीह में अवैध हथियार निर्माण के एक बड़े मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। दिनांक 06 फरवरी 2026 को शाम करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से हथियार बनाकर उनकी बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस निरीक्षक अनगड़ा के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सीताडीह स्थित नारायण लोहरा के घर छापामारी की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अवैध हथियार निर्माण की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान घर से 10 पीस निर्मित सिंगल बैरल, घर के पीछे एल्वेस्टर के नीचे छुपाकर रखे गए 9 सिंगल बैरल, 4 अर्धनिर्मित अग्नेयास्त्र तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए। आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस मामले में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

