राँची में शहर की विधि-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से आज चैम्बर भवन में झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी एसपी पारस राणा, सिटी डीएसपी के.वी. रमन और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने व्यापारियों के साथ हाल के दिनों में सामने आए रंगदारी और धमकी भरे कॉल्स समेत कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने व्यापारियों में भय की स्थिति पर चिंता जताते हुए त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता बताई और पुलिस के प्रयासों की सराहना की। सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए निर्णायक कदम उठाए जा रहे हैं और व्हाट्सएप कॉल/मैसेज से आने वाली धमकियों की जांच गंभीरता से की जा रही है। उन्होंने व्यापारियों से किसी भी धमकी की तुरंत सूचना देने और भयमुक्त रहने की अपील की।
बैठक में पेट्रोलिंग बढ़ाने, सीसीटीवी व अलार्म सिस्टम लगाने, थाना स्तर पर सुधार और पुलिस–व्यापारी समन्वय को मजबूत करने जैसे सुझाव दिए गए। चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने ज्ञापन सौंपते हुए सुझावों को शीघ्र संकलित कर पुलिस को भेजने की बात कही।

