भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र झारखंड (राँची) द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के बाद जिले में भारी ठंड और शीतलहर को लेकर चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने राँची जिले को येलो जोन में रखते हुए अत्यधिक ठंड की संभावना जताई है।
इस चेतावनी को देखते हुए राँची जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में केजी से 12वीं तक की कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य 5 जनवरी 2026 से 6 जनवरी 2026 तक स्थगित कर दिया है। विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में परीक्षा निर्धारित है, तो उसका संचालन विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार कर सकेगा। वहीं, 10वीं और 12वीं कक्षाओं के संचालन को लेकर भी विद्यालय अपने स्तर पर निर्णय ले सकेंगे।
बताया गया है कि सरकारी विद्यालय शीतकालीन अवकाश के कारण पहले से 5 जनवरी तक बंद हैं। हालांकि, 6 जनवरी को सरकारी विद्यालय शिक्षकों के लिए खुले रहेंगे, जहां वे eVV पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे और गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।

