राँची नगर निगम द्वारा शहर में स्ट्रीट डॉग्स की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने और रेबीज जैसी खतरनाक बीमारी की रोकथाम के लिए नसबंदी एवं टीकाकरण अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। यह अभियान नगर निगम द्वारा एनजीओ होप एंड एनिमल के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 10 मार्च 2026 तक अभियान के तहत कुल 439 स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ा गया, जिनमें से 306 कुत्तों की नसबंदी की गई, जबकि 685 कुत्तों का टीकाकरण किया गया।
नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा द्वारा उपलब्ध कराए गए रोस्टर के अनुसार शहर के सभी 53 वार्डों में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष अभियान नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।
नगर निगम ने कहा है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि स्ट्रीट डॉग्स की संख्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और शहरवासियों को सुरक्षित व स्वस्थ वातावरण मिल सके।
साथ ही नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग्स से संबंधित किसी भी सूचना या शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क करें।

