राँची जिला प्रशासन की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में समाहरणालय में पेंशन दरबार सह विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने की। इस अवसर पर 24 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सभी शिक्षकों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन, ग्रेच्युटी समेत अन्य सभी देय लाभ प्रदान किए गए। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं और बच्चों के भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षकों का सम्मान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को आगे के जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे स्वस्थ रहें, खुश रहें और समाज के लिए प्रेरणा बने रहें। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि इस तरह के आयोजन अन्य विभागों में भी होने चाहिए, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मान मिले और पेंशन के लिए भटकना न पड़े।
उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय को निर्देश दिया कि इस व्यवस्था को नियमित रूप से लागू किया जाए। उल्लेखनीय है कि जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय द्वारा जनवरी 2025 से यह कार्यक्रम हर महीने आयोजित किया जा रहा है।

